गाजीपुर। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाली दिव्यांग छात्राओं को वृत्तिका (स्टाइपेंड) के लिए अब इंतजार नहीं करना पड़ेगा। एक सप्ताह के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिले में ऐसी 724 छात्राओं को चिह्नित किया गया है, जिन्हें समग्र शिक्षा के तहत प्रतिमाह 200 रुपये की दर से अधिकतम 10 महीने तक आर्थिक सहायता मिलेगी। खास बात यह है कि अब छात्राओं के बजाय उनके माता-पिता अथवा अभिभावकों के बैंक खाते में सीधे डीबीटी के माध्यम से धनराशि भेजी जाएगी। डीसी समेकित शिक्षा अनुपम गुप्ता ने बताया कि जिले में 724 पात्र छात्राओं को चिह्नित किया गया है। बहुत जल्द ही उनके अभिभावकों के बैंक खातों में धनराशि भेज दी जाएगी।
राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी ने 25 नवंबर को इस संबंध में निर्देश जारी किया है। इसके अनुसार, डीबीटी से भुगतान में आ रही तकनीकी दिक्कतों को देखते हुए नई व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत विद्यालयों के प्रधानाध्यापक प्रेरणा पोर्टल पर पात्र छात्राओं को चिह्नित करेंगे। जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) के परीक्षण के बाद सूची खंड शिक्षा अधिकारी को भेजी जाएगी। वह अपने लॉगिन से इसका सत्यापन करेंगे।
इसके बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति पात्रता सूची को अंतिम रूप देगी। समिति में सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय और जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) शामिल होंगे। सत्यापित सूची के आधार पर एसएनए स्पर्श पोर्टल पर अभिभावकों को लाभार्थी बनाकर भुगतान कराया जाएगा।
निर्देश में दोहरे भुगतान की स्थिति में संबंधित आहरण-वितरण अधिकारी की जिम्मेदारी तय करने की बात कही गई है। भुगतान के बाद व्यय का ब्योरा प्रबंध पोर्टल पर दर्ज करना भी अनिवार्य होगा।