भांवरकोल। थाना क्षेत्र के अमरुपुर गांव में रविवार की सुबह खड़ंजा बनवाने संबंधित हो रही सार्वजनिक पंचायत में वाद-विवाद के दौरान जमकर लाठी-डंडे चले। इस मारपीट में दोनों पक्षों के लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
अमरुपुर गांव में खड़ंजा लगाने को लेकर पंचायत बुलाई गयी थी। पंचायत के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। इस दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई। इस मारपीट में एक पक्ष के भोला राय और उनके पुत्र मनीष राय गंभीर रुप से घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया है। प्रथम पक्ष के मनीष राय, जयप्रकाश राय, नितेश राय, जबकि द्वितीय पक्ष से रविप्रकाश राय, विनोद राय, पुनीत राय, ब्रिजेश राय, शिवानंद राय आजिद को गंभीर चोटें आई। इस संबंध में एक पक्ष से ग्राम प्रधान रविप्रकाश राय ने रास्त्रत्त्मजी राय, संतोष राय, जयप्रकाश राय, मनीष, विपिन, सत्यम, शुभम, जयराम जबकि दूसरे पक्ष से मनीष राय ने शिवानंद राय, रविप्रकाश राय, रीतेश राय, ब्रिजेश, अमलेश, चिराग, विनोद राय के खिलाफ मुकदमा कायम कराया है। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष विश्वनाथ यादव ने बताया कि नामजद लोगों को पकड़ने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है और उन पर आवश्यक धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।