एसटीएफ की वाराणसी ईकाई ने जिले के 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश सद्दाम हुसैन को मुंबई (महाराष्ट्र) से रविवार को गिरफ्तार है। आरोपी के खिलाफ शहर कोतवाली में वर्ष 2017 में दुष्कर्म और अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। यह लंबे समय से फरार चल रहा था और मुंबई में छिपा था।
एसटीएफ वाराणसी इकाई के एडीशनल एसपी विनोद कुमार सिंह के मुताबिक बहरियाबाद के चकफरीद निवासी आरोपी सद्दाम हुसैन के खिलाफ वर्ष 2017 में शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ था। फरार चल रहे आरोपी पर पुलिस ने 50000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था। निरीक्षक पुनीत परिहार के नेतृत्व में टीम सूचना एकत्र करने में जुटी हुई थी।
छानबीन के दौरान पता चला कि सद्दाम मुंबई (महाराष्ट्र) में रह रहा है। एसटीएफ टीम कोतवाली पुलिस टीम को साथ लेकर मुंबई (महाराष्ट्र) पहुंची। टीम ने सद्दाम हुसैन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ पर उसने बताया कि उसके खिलाफ 15 सितंबर 2017 को थाना कोतवाली जनपद गाजीपुर में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद से ही वह फरार हो गया था और मुंबई में चोरी-छिपे रह रहा था। मुंबई जाने के बाद उसने अपने सभी पुराने संपर्क नंबरों को बंद कर दिया। अपने घर वालों व रिश्तेदारों से संपर्क खत्म कर लिया था।