जमानिया स्टेशन स्थित मुख्य मार्ग का होगा कायाकल्प। संवाद
जमानिया। स्टेशन बाजार के मुख्य मार्ग के निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। नगर पालिका परिषद की ओर से बडेसर मोड़ से सब्जी मंडी तक सड़क का निर्माण कराया जाएगा। करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इस परियोजना के पूरा होने पर क्षेत्रवासियों और व्यापारियों को जर्जर सड़क व जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं बडेसर तिराहे पर दानवीर भामाशाह की प्रतिमा लगाई जाएगी।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता ने बताया कि बडेसर मोड़ से सब्जी मंडी तक के मार्ग का सुदृढ़ीकरण और अन्य आवश्यक कार्य कराए जाएंगे। बताया कि स्टेशन बाजार का यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख व्यावसायिक मार्ग है। सड़क की खराब स्थिति और बढ़ते यातायात दबाव के कारण लोगों को अक्सर जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। सड़क निर्माण के साथ क्षेत्र के सुंदरीकरण की भी योजना बनाई गई है। बडेसर तिराहे पर दानवीर भामाशाह की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इससे तिराहे की पहचान और आकर्षण बढ़ेगा। सड़क निर्माण और सुंदरीकरण की योजना को लेकर स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने खुशी जताई है।