मेघबरन सिंह स्टेडियम करमपुर में रविवार को अखिल भारतीय हॉकी टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। पहले दिन चार मुकाबले खेले गए। इसमें स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी और बीएचयू ने एकतरफा जीत दर्ज की। दो मुकाबले बराबरी पर छूटे।
इस प्रतियोगिता में 12 शीर्ष टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी ने देवरिया को 10-0 से हराया। झांसी की ओर से प्रद्युम्न यादव, विवेक यादव, अंकित पटेल, अक्षत वर्मा, अर्जुन यादव, राजीव रंजन, अखिलेश यादव और राघवेंद्र सिंह ने गोल किए। दूसरे मुकाबले में स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई और मेघबरन सिंह हॉकी अकादमी, करमपुर के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली, जो 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। सैफई की ओर से हिमांशु और राम हंस ने गोल किए, जबकि करमपुर की ओर से प्रह्लाद और मोनू ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर बराबर किया। तीसरे मैच में स्पोर्ट्स हॉस्टल वाराणसी और अश्विनी स्पोर्ट्स अकादमी मैसूर आमने-सामने थे। यह मुकाबला भी 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। वाराणसी के लिए मोहित और आदित्य पाल ने गोल किए, जबकि मैसूर की ओर से अमरजीत और अब्दुल ने शानदार प्रदर्शन कर स्कोर को बराबर किया। चौथा मैच बीएचयू और पटना के बीच खेला गया। इसमें बीएचयू ने 7-0 से जीत हासिल की।
-
नई एस्ट्रो टर्फ देने की घोषणा
औड़िहार। हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने मेघबरन सिंह ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने स्टेडियम की प्रशंसा करते हुए स्टेडियम में एक और एस्ट्रो टर्फ बिछाने की घोषणा की। विशिष्ट अतिथि अतुलानंद रचना परिषद के सचिव राहुल सिंह ने स्टेडियम के गरीब व पिछड़े वर्ग के खिलाड़ियों के उत्थान के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम संसाधनों की कमी के बावजूद खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय सुविधाएं देने में सफल रहा है। स्टेडियम के निदेशक पूर्व सांसद राधे मोहन सिंह और प्रबंधक अनिकेत सिंह ने कहा कि तेज बहादुर सिंह के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस अवसर पर ओलंपियन राजकुमार पाल की माता मंजरी देवी, डॉ. आर.के. ओझा, प्रवीन सिंह, प्रभाकर सिंह, प्रमोद सिंह, मिथिलेश कुमार, लालजी यादव, अरुण सिंह, अजीत सिंह,आदि मौजूद रहीं।