गाजीपुर। जिले में निर्माणाधीन नवीन स्टेडियम संक्रमणकाल और धनाभाव का शिकार हो गया है। पुलिस लाइन के पास स्थित आरटीआई मैदान पर 6.310 हेक्टेयर जमीन पर चार करोड़ 70 लाख की लागत से इसका निर्माण किया जा रहा है। दिसंबर 2020 में बन जाना था। लेकिन अभी भी इसके निर्माण की सूरत बनती नहीं दिख रही है। की खेल प्रतिभाओं के सपनों को उड़ान भरने के लिए नवीन स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। स्टेडियम का शिलान्यास 2018 के शुरुआत में तत्कालीन खेल मंत्री ने किया था। स्टेडियम में प्रशासनिक भवन, बास्केटबाल कोर्ट, दर्शकदीर्घा, चहारदीवारी, ओवरहेड टैंक, तीन गेट एवं गार्ड रूम का निर्माण कराया जाना है लेकिन अभी तक निर्माण का कार्य पूरा नहीं हो सका है। इसके पीछे संक्रमणकाल के साथ ही धनाभाव को कारण बताया जा रहा है। खेल कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, प्रशासनिक भवन में फर्श, वायरिंग, खिड़की-दरवाजे, बाथरूम-शौचालय तथा रंगाई-पुताई का काम शेष है। इसी तरह बास्केटबाल कोर्ट, तीनों गेट, गार्ड रूम भी बनाया जाना है। दर्शकदीर्घा में भी कुछ कार्य अभी अवशेष है। कार्यदायी संस्था उ.प्र.राजकीय निर्माण निगम भदोही इकाई को इसे पूरा करने की समय सीमा दिसंबर 2020 तय की गई थी। अवधि बीते करीब छह महीने हो गए हैं लेकिन अभी तक स्टेडियम का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। आगामी कुछ और महीने में इसके पूरा होने की उम्मीद कम ही नजर आ रही है। जिला खेल कार्यालय के उप क्रीड़ाधिकारी जवाहरलाल यादव ने बताया कि नवीन स्टेडियम का निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। निर्माण कार्य पूरा करने के संबंध में कार्यदायी संस्था से बराबर पत्राचार किया जा रहा है।