गाजीपुर। स्व. राजीव प्रियदर्शी (डैनी) राज्यस्तरीय आमंत्रण क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच स्थानीय मैदान पर पूर्वांचल क्रिकेट एकेडमी वाराणसी एवं गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के बीच खेला गया। इसमें वाराणसी की टीम ने तीन विकेट से जीत दर्ज की। वाराणसी की टीम ने टास जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। पहले खेलने उतरी गाजीपुर की टीम ने निर्धारित बीस ओवर में 177 रन बनाए। इसमें सतवंत ने 47, कुशाग्र ने नाबाद 44 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी वाराणसी की टीम ने सात विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। टीम की ओर से मोनू सिंह ने 42, आयुष ने 39 तथा अरुण एवं प्रद्युम्न ने 30-30 रन का योगदान किया। गाजीपुर की तरफ से अर्पित, संजीव एवं सतवंत ने दो-दो विकेट लिया। शानदार प्रदर्शन करने पर प्रद्युम्न का मैन आफ द मैच के रूप में चुनाव किया गया। अंपायर की भूमिका अजय एवं अमन तथा स्कोरर राहुल भारद्वाज थे। इस दौरान आयोजक अवधेश यादव, राकेश यादव, विरेंद्र यादव एवं मोहन रावत उपस्थित थे। इससे पहले समाजसेवी विवेक सिंह शम्मी ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।