सुहवल। 48वीं अंतर्राज्यीय स्व. गणेश राय एवं प्रभुनारायण राय-भुल्लन राय मेमोरियल फुटबाल प्रतियोगिता के चौथे क्वार्टर फाइनल में ताजपुर कुर्रा ने पेनाल्टी शूट आउट में मुगलसराय को 5-3 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इंटर कॉलेज मैदान पर शुक्रवार को खेले गए मैच में मध्यांतर से पहले 34वें मिनट में मुगलसराय के आशीष ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। मध्यांतर तक स्कोर बरकरार रहा। मैच के 67वें मिनट में मुगलसराय के गोल पोस्ट के नजदीक उसी टीम के खिलाडी दीपक के हाथों से गेंद स्पर्श होते ही निर्णायक ने पेनाल्टी दे दी। मौके का लाभ उठाते हुए ताजपुर कुर्रा ने स्कोर 1-1 कर दिया। मैच समाप्त होने पर स्कोर बराबर रहने से निर्णायक ने पेनाल्टी शूट आउट से निर्णय कराने का फैसला लिया। इसमें ताजपुर कुर्रा ने जीत हासिल कर की। इस दौरान पूर्व ग्राम प्रधान आदित्य नारायण राय, मनीष राय, कमलेश सिंह, मंटू यदुवंशी, राजू ठाकुर, पंकज गुप्ता, पिंटू ओझा, गुड्डू यादव, प्रफुल्लचंद्र राय, फैयाज खान, भीम यादव, दुर्गा राय, मदन यादव आदि मौजूद थे। निर्णायक बृजेश मिश्रा एवं उद्घोषक सुरेंद्रनाथ राय रहे।