गाजीपुर। विकास भवन के सभागार में शुक्रवार को 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों में प्राप्त धनराशि से कराए जाने वाले कार्यों के परीक्षण-अनुमोदन के संबंध में बैठक हुई। जिसमें बजट के अनुरूप ही खर्च करने पर बल दिया गया। जिलाधिकारी एमपी सिंह ने निर्देश दिया कि जिस मद में जो बजट प्राप्त हुआ है उसी मद में खर्च किया जाए। शासन के निर्देशानुसार 14वें वित्त आयोग का बजट प्रत्येक दशा में 31 जुलाई तक खर्च कर लिया जाए। टाइड-अनटाइड मद में जो पैसा आवंटित हुआ है उसे उसी मद के अनुसार खर्च किया जाए। बैठक में अधिशासी अधिकारी की तरफ से दिए गए प्रस्ताव की जानकारी लेते हुए उन्होंने सभी नगर पालिका परिषद, नगर पंचायतों को निर्देश दिया कि प्रस्ताव देने से पूर्व कार्यों को सक्षम विभाग के तकनीकी विशेषज्ञों से जांच कराते हुए कार्य का अनुमोदन कराया जाए। ईओ नगर पालिका परिषद गाजीपुर की तरफ से जिले में पांच आरओ प्लांट लगाए जाने के लिए अनुमोदन की मांग की गई जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि स्थानों का चिह्नांकन करने के बाद ही अनुमोदन करने की कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी, सभी नगर पालिका परिषद नगर पंचायतों के अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी, जेई, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता जल निगम, अधिशासी अभियंता विद्युत तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।