औड़िहार। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के डहरा कला गांव स्थित एक महाविद्यालय के सामने सोमवार की देर शाम तेज रफ्तार अनियंत्रित इनोवा ने सामने से ऑटो में टक्कर मार दिया। हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। जब तक आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचते चालक इनोवा कार लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही कार को चिन्हित करने में जुट गई। इधर परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में चीख-पुकार मच गई।
सादात थाना क्षेत्र के देवापार गांव निवासी रामबचन गोड़ (50) ऑटो चलाकर जीविकोपार्जन करते थे। सैदपुर बस स्टैंड से वाराणसी के बीच में वाहन चलाते थे। देर शाम यात्रियों को वाराणसी से सैदपुर लाकर उतारने के बाद घर जा रहे थे। डहरा कला गांव के पास भीमापार मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित इनोवा कार ने ऑटो में टक्कर मार दिया। दुर्घटना के बाद जबतक आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचते चालक इनोवा लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सीएचसी सैदपुर लाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। यहां डॉक्टरों ने ऑटो चालक को मृत घोषित कर दिया। घटना के दूसरे आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि इनोवा कार के नंबर को चिन्हित कर लिया गया है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।