पशु तस्करी और अवैध वसूली के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कोतवाली में तैनात आरक्षी नीरज अनुरागी को मंगलवार को निलंबित कर दिया है।
साथ ही पुलिस मुख्यालय से संबद्ध करते हुए विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। दो दिन पूर्व जमानिया कोतवाली क्षेत्र के फुंफुआव पुल के पास ग्रामीणों ने तीन पशुओं से भरी एक पिकअप और एक तस्कर को पकड़ लिया था, जो बिहार की ओर जाने की फिराक में था।
पकड़े गए तस्कर ने ग्रामीणों से बताया था कि वह कोतवाली में तैनात सिपाही नीरज अनुरागी को हर सप्ताह 25 हजार देते हैं। ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। घटना के बाद पशुओं को पुलिस ने गौशाला भेज दिया था।
तस्कर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वाहन सीज करने की कार्रवाई की गई थी। उधर, वायरल वीडियो काे एसपी ने गंभीरता से लेते हुए सीओ से जांचकर रिपोर्ट मांगी थी।
सीओ अनिल कुमार ने बताया कि पशु तस्करी, अवैध वसूली और तस्करों से मिलीभगत के मामले में सिपाही को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई की जा रही है।