गाजीपुर। जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ती बिजली समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव ने अब आर-पार की लड़ाई का संकेत दे दिया है। सदन में बिजली संकट को लेकर अपनी बात पुरजोर तरीके से उठाने के बाद मंगलवार को उन्होंने अपने आवास पर बिजली निगम के एसडीओ सत्यम त्रिपाठी और जेई विमल सिंह को तलब कर जनता की समस्याएं उनके सामने रखीं। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान और आम नागरिक भी उपस्थित रहे। विधायक ने अधिकारियों को चेताया कि यदि अब भी निगम की कार्यशैली में सुधार नहीं आया, तो जनता के साथ बड़ा आंदोलन किया जाएगा। डॉ. विरेंद्र यादव ने कहा कि आज का किसान बिजली, पानी और खाद के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहा है। ट्रांसफॉर्मर खराब होने, अनियमित बिजली आपूर्ति और विभागीय लापरवाही ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार को यह नहीं पता कि किस समय किसानों को खाद और बिजली की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। विधायक ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को दो टूक कहा कि व्यवस्था में सुधार करें, वरना सपा कार्यकर्ता और किसान मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे। संवाद