गंगौली/ कासिमाबाद। पंचायत राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और एसीएसटी एक्ट के मामले में पुलिस मंगलवार की देर शाम सपा के युवा नेता ओमप्रकाश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को उसके गांव सोनबरसा स्थित घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राज नारायण ने बताया कि इस मामले में सुभासपा के महासचिव सिंहासन राम की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही सपा विधानसभा अध्यक्ष जय हिंद यादव के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता कासिमाबाद थाने पहुंच गए और विरोध जताया।
इस दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राज नारायण से कार्यकर्ताओं की लंबी वार्ता भी हुई। प्रभारी निरीक्षक राज नारायण ने बताया कि सोशल मीडिया पर लगातार मंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने और एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।