गाजीपुर आरटीआई मैदान में समाजवादी पार्टी की जन सभा में सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव व प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव को माला पहनाकर स्वागत करते कार्यकर्ता व अन्य मंत्री।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने नोटबंदी को लेकर प्रधानमंत्री पर बड़ा हमला बोला। कहा कि नोटबंदी को लेकर देश भर में लोगों को परेशानी हो रही है। यह किसान और व्यापारी के खिलाफ साजिश है। किसान-व्यापारी सगे भाई हैं। बगैर तैयारी के नोटबंदी करके केंद्र सरकार ने किसान, व्यापारी, जवान, गरीबों के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। केंद्र सरकार ने अगर इनकी उपेक्षा की तो देश कमजोर होगा। उन्होंने कहा कि पता नहीं प्रधानमंत्री की क्या सोच है। कहते हैं ईमानदार और गरीब सुख की नींद सो रहा है, लेकिन यहां तो सब परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी घमंडी हैं। केंद्र सरकार किसी की नहीं सुन रही। उन्होंने चेतावनी दी कि लोकतंत्र में मनमानी नहीं चलेगी। जनता अनपढ़ और गरीब जरूर है, लेकिन समझदार है। घमंड करने वाले का सिर नीचा होता है। उसका क्या हश्र होता है, इमरजेंसी लगाने वालों को जनता ने दिखा दिया था। बुधवार को यहां के आरटीआई मैदान से पहली चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सपा सुप्रीमो ने मोदी के अलावा रैली में सपा के अंदर चल रही गुटबाजी पर भी खुले शब्दों में चेताया कि कुछ लोग सपा को कमजोर करना चाहते हैं, कार्यकर्ता उनके मंसूबे फेल कर देना। रैली में मुलायम कांग्रेस और बसपा पर एक शब्द भी नहीं बोले।
सपा अध्यक्ष ने सीमा पर शहीद हो रहे जवानों का जिक्र करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के मामले पूरा देश एक है। पाकिस्तान की इतनी हिम्मत कैसे पड़ रही है। केंद्र को इस मुद्दे पर सबसे बात करनी चाहिए।लोकबंधु राजनरायन की 100वीं जयंती के मौके पर मुलायम सिंह रैली में सबसे अधिक पार्टी में चल रही गुटबाजी पर बोले। कहा कि कानाफूसी करने वालों से सावधान रहें। ऐसे लोगों को बेनकाब करें। जिसकी गलती हो, अनुशासन में रहकर उसे बताएं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि पार्टी में ऐसे लोग भी हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता किसी व्यक्ति के समर्थक होने के बजाय पार्टी की मजबूत करें। चुनाव नजदीक हैं, पार्टी को भारी बहुमत से जिताएं। जनता सब कुछ समझती है।
जनता से ज्यादा होशियार कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि बोलने को बहुत कुछ है, लेकिन हम पार्टी को मजबूत चाहते हैं। आगे नौजवानों को ही सत्ता और पार्टी संभालनी है। रैली में सपा प्रमुख ने खुलकर बोलने के लिए प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह की तारीफ की। मंच पर बैठे अफजाल अंसारी की तारीफ की। कहा कि अफजाल और मुख्तार अंसारी के पार्टी में आने से पूर्वी उत्तर प्रदेश में सपा मजबूत हुई है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री राम नरेश यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। रैली को प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव, शिवपाल के पुत्र और कोआपरेटिव डेयरी फेडरेशन के अध्यक्ष आदित्य यादव ने भी सभा को संबोधित किया।