जमानिया। नगर स्थित एक निजी विद्यालय में शनिवार को फीस को लेकर विद्यालय के कुछ छात्र मुख्य गेट पर बैठ गए। घटना की सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने गेट पर बैठे छात्रों को समझा बुझाकर हटाया। छात्रों का आरोप है कि विद्यालय द्वारा फीस मांगी जा रही है। इसको लेकर छात्रों को पीटा गया है जिससे नाराज छात्र एवं उनके अभिभावक विद्यालय पहुंच कर गेट पर शांतिपूर्ण ढंग से बैठ गए। सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार राकेश कनौजिया ने छात्रों को समझा-बुझाकर गेट को खाली कराया। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने छात्रों को जमकर फटकार लगाई और दोबारा ऐसा न करने की चेतावनी दी। इस संबंध में विद्यालय के प्रबंधक का कहना है कि फीस मांगी गई थी। बीते आठ माह से फीस जमा नहीं थी। इस पर अभिभावकों द्वारा जल्द फीस अदा करने का आश्वासन दिया गया है। इस अवसर पर उपनिरीक्षक मंशाराम गुप्ता आदि मौजूद थे।