दुबिहां। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के पतार गांव में अलाव से लगी आग की चपेट में आने से सात रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख हो गई। क्षेत्र के कानूनगो व लेखपाल ने मौके पर पहुंच कर क्षतिपूर्ति का आंकलन किया है।
पतार गांव में शाम करीब पांच बजे राजदेव राजभर अपने रिहायशी मड़ई में बैठा हुआ था। ठंड से बचने के लिए उसने अलाव जलाया तभी अलाव से निकली चिंगारी उसकी मड़ई को पकड़ लिया। झोपड़ी को जलता देख वह किसी तरह से भाग कर अपनी जान बचाई। आग ने आसपास की छह और झोपड़ी को अपने चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब तक आग को बुझाया गया तब तक राजू राजभर के घर-गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। अगलगी की घटना में राजदेव राजभर की तीन झोपड़ी और लच्छीराम राजभर की तीन झोपड़ी जलकर राख हो गई। सूचना पाकर राजस्व विभाग के तरफ से राजस्व निरीक्षक व हलका लेखपाल द्वारा क्षतिपूर्ति का आंकलन किया गया। राजस्व निरीक्षक ने हर संभव सहायता पहुंचाने का आश्वासन दिया।