अब गरीबों के घरों में अंधियारा नहीं रहेगा। सरकार उनके घरों को रोशन कर रही है। जिले के वर्ष 2014-15 में चयनित और पूर्ण हो चुके डा. लोहिया आवासों में सोलर पावर पैक लगाया जाएगा। पावर पैक की सुविधा से गरीबों के घर सिर्फ जगमग ही नहीं होंगे बल्कि उन्हें ठंडी-ठंडी हवा भी मिलेगी। इन लोहिया आवासों में जल्द ही सोलर पावर पैक लगाने की कवायद शुरू कर दी जाएगी।
सरकार की तरफ से गरीबों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। गरीब एवं आवासहीन लोगों को आवास उपलब्ध कराने की योजना भी संचालित है। लोहिया आवास योजना के तहत सरकार जहां गरीबों को सिर छिपाने के लिए आशियाना उपलब्ध करा रही है वहीं वह इन घरों को रोशन भी कर रही है। लोहिया गांव के सार्वजनिक स्थानों की तरह ही अब प्रत्येक पूर्ण हो चुके लोहिया आवासों को रोशन किया जा रहा है।
नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (नेडा) की ओर से लोहिया आवासों में सोलर पावर पैक लगाया जा रहा है। 26 हजार 200 की लागत के इस पावर पैक में बैट्री, पैनल, चार्ज कंट्रोलर, तीन एलईडी लाइट ( कुल 11 वाट) तथा 25 वाट का सीलिंग पंखा शामिल है। इस सुविधा से एलईडी लाइट के साथ ही पंखा भी चलाया जा सकेगा। बताया गया है कि वित्तीय वर्ष 2014-15 के विभिन्न विकासखंडों के चयनित गांवों में 3334 सोलर पावर पैक लगना है।