गाजीपुर। जनपद के 22400 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किया जाएगा। मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण का मुख्य उद्देश्य किसानों को मिट्टी की सेहत को लेकर जागरूक करना है। कृषि विभाग की कवायद है कि जनपद में मृदा की उर्वरा शक्ति को संतुलित रखा जाए।
जनपद में 16 ब्लॉक हैं। इनमें सदर, बिरनो, करंडा, मरदह, जमानिया, भदौरा, रेवतीपुर, सैदपुर, देवकली, सादात, जखनिया, मनिहारी, मुहम्मदाबाद, भांवरकोल, कासिमाबाद व बाराचवर शामिल है। प्रत्येक ब्लॉक के 1400-1400 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किया जाएगा। इससे पहले कृषि विभाग की ओर से ब्लॉकस्तर पर मिट्टी के नमूने लिए गए हैं। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला में भेज दिया गया है।
रिपोर्ट आते ही मृदा स्वास्थ्य कार्ड के वितरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मृदा स्वास्थ्य कार्ड केंद्र सरकार की एक योजना है, जिसका उद्देश्य किसानों को उनकी मिट्टी की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी देना है, ताकि वे अपनी खेती को और बेहतर बना सकें। योजना के तहत किसानों को एक कार्ड दिया जाता है, जिसमें उनकी मिट्टी की 12 महत्वपूर्ण मानकों (नाइट्रोजन, फाॅस्फोरस, पोटेशियम, पीएच, ईसी, कार्बनिक कार्बन, सल्फर, जिंक, बोरॉन, आयरन, मैगनीज और कॉपर) की जानकारी होती है।
उपकृषि निदेशक अतींद्र सिंह ने बताया कि मृदा के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आते ही मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।