गाजीपुर। जिले में धान की रोपनी का कार्य धीमी गति से चल रहा है। अधिंसख्य किसानों को अब भी बारिश का इंतजार है। कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक जनपद में 35 प्रतिशत ही धान की रोपाई का कार्य हो पाया है। आने वाले दिनों में बारिश होने पर धान की रोपनी का प्रतिशत बढ़ेगा।
किसान मई से धान की नर्सरी तैयार करने में जुटे थे। विशेष रूप से जब 25 मई को रोहिणी नक्षत्र की शुरुआत हुई तब से इस कार्य में तेजी देखने को मिली। खेती-किसानी में रोहिणी नक्षत्र का विशेष महत्व है। इसलिए कई किसानों ने रोहिणी नक्षत्र में धान की नर्सरी लगाने का कार्य शुरू किया। रोहिणी नक्षत्र 25 जून तक था। नर्सरी लगाने का कार्य पहले ही पूरा हो चुका है। वर्तमान में धान की रोपनी का कार्य चल रहा है। शासन से इस बार धान की खेती का लक्ष्य 1.63 लाख हेक्टेयर निर्धारित किया गया है। जबकि बीते वर्ष 2024 में यह लक्ष्य 1.70 लाख हेक्टेयर था। जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि जिले में अब तक 35 प्रतिशत धान की रोपनी का कार्य पूरा हो चुका है।