बिरनो। पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 350 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ छह युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी राकेश यादव ने बताया कि शुक्रवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुमार यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मीरपुर पुलिया के पास कुछ संदेहास्पद गतिविधियां दिखाई देने पर छह युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 350 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशन विश्वकर्मा निवासी अरसदपुर थाना जंगीपुर, शुभम कुमार ठठेरा निवासी वार्ड नंबर 11 जंगीपुर, मंजीत यादव निवासी कोड़री थाना मरदह, रविकांत कुमार निवासी माफी बैदौली (कोड़री) थाना मरदह, अमन यादव उर्फ मलाई निवासी पिपनार थाना मरदह तथा मनीष कुमार उर्फ छोटू निवासी सरायवंदी थाना बिरनो के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर थाना बिरनो में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपियों से पूछताछ कर हेरोइन के स्रोत और इसके नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।