राजकीय मेडिकल कालेज में छह विभागाध्यक्षों की तैनाती बृहस्पतिवार को हो गई। इनमें ईएनटी, कम्युनिटी मेडिसिन, बायो केमेस्ट्री, पैथोलॉजी, मानसिक रोग एवं एनेस्थीसिया विभाग के शामिल हैं। अब आचार्य, सह आचार्य और सहायक आचार्य की संख्या जहां 19 पहुंच गई है। वहीं जूनियर डॉक्टरों की संख्या 50 है। हालांकि छात्रों के दाखिले एवं मेेडिकल की पढ़ाई शुरू करने की कोई तिथि नहीं तय है लेकिन तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। शहर के आरटीआई मैदान पर निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कालेज के संचालन को लेकर शासन स्तर पर दो माह से तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। छात्रों को पढ़ाने के लिए प्रोफेसरों एवं सहायक प्रोफेसरों की तैनाती शुरू कर दी गई थी। जूनियर डॉक्टरों की तैनाती की जा रही थी। अब तक राजकीय मेडिकल कालेज में 50 जूनियर डॉक्टरों की नियुक्ति की जा चुकी है। जबकि विभागाध्यक्षों को तैनात करने का क्रम जारी है। कालेज में 13 प्रोफेसरों एवं सहायक प्रोफेसरों की तैनाती की जा चुकी थी। छह नए विभागों ईएनटी, मानसिक रोग विशेषज्ञ, बायो केमेस्ट्री, एनेस्थीसिया, कम्युनिटी मेडिसिन, पैथोलॉजी के विभागाध्यक्षों की तैनाती की गई है।