वन विभाग की रखवाली के बाद भी दिन दहाड़े कीमती पेड़ काटे जा रहे हैं। मामला गहमर थाना क्षेत्र के गहमर-सायर मार्ग किनारे का है। मंगलवार को वन माफिया ने यहां करीब छह कीमती पेड़ों को काट कर गिरा दिया और कई पेड़ उठा भी ले गए। जबकि देखरेख के लिए कर्मी व माली की तैनाती रहती है जिन्हें विभाग द्वारा रात दिन पेड़ों की रखवाली करने की हिदायत दी गई है। इसके बाद भी कीमती पेड़ों की कटाई से लोग विभाग पर वन माफिया से मिलीभगत का आरोप लगा रहे हैं
यही नहीं दो वर्ष पूर्व भी कर्मनाशा नदी के तट पर मगरखाई गांव के पास वन विभाग के जंगल से कीमती पेड़ काट कर वन माफिया उठा ले जा चुके हैं। बावजूद इसके विभाग सतर्क नहीं हो रहा है। जमानिया रेंजर प्रेम प्रकाश चौबे ने कहा कि मौके पर टीम को भेज कर पता कराया जा रहा है। उन्होंने कहा मौके पर पहुंचने तक यदि बरामदगी के साथ काटने वालों का पता चला तो ठीक, नहीं तो जिसके खेत के सामने से पेड़ काटा गया होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।
जनपद में कुछ प्रजातियां प्रतिबंधित हैं। अगर काटे जाने वाले पेड़ उस श्रेणी में आते हैं तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में स्थानीय अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिया जाएगा। ताकि पेड़ों के गैर कानूनी तरीके से काटने पर प्रतिबंध लगे।
प्रदीप कुमार, डीएफओ