जमानिया। तहसील क्षेत्र के उपभोक्ताओं को अब बिजली कटौती की दोहरी मार झेलनी पड़ेगी। पॉवर कॉर्पोरेशन ने बढ़ते विद्युत लोड और ग्रिड पर पड़ रहे दबाव को देखते हुए विद्युत आपूर्ति के रोस्टिंग शेड्यूल में अचानक बदलाव कर दिया है। नया शेड्यूल 31 जुलाई तक लागू रहेगा।
बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार अब दो शिफ्टों में कुल छह घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। सुबह पांच बजे से नौ बजे तक और दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक सभी ग्रामीण फीडरों की आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। सभी 17 उपकेंद्रों और 56 फीडरों को नए निर्देश के अनुपालन के लिए सख्त आदेश जारी किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह कदम ग्रिड को ओवरलोडिंग से बचाने और संभावित फेल्योर रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है। एक बार ग्रिड फेल होने पर पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था चरमरा सकती है। जमानिया तहसील क्षेत्र के करीब 300 गांवों में एक लाख सात हजार उपभोक्ता बिजली आपूर्ति से जुड़े हैं। पॉवर कॉर्पोरेशन हर माह लगभग एक करोड़ अस्सी लाख यूनिट बिजली की आपूर्ति करता है लेकिन गर्मी और खेती के सीजन में खपत बढ़कर ढाई करोड़ यूनिट तक पहुंच जाती है। अचानक बदलाव से ग्रामीण उपभोक्ताओं, किसानों और छोटे-बड़े उद्योगों की परेशानी बढ़ सकती है। इस समय किसान धान की रोपाई की तैयारी में जुटे हैं, जिनके लिए लगातार बिजली आपूर्ति बेहद जरूरी है। अवर अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि लगातार बढ़ते लोड को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह शेड्यूल सिर्फ 31 जुलाई तक प्रभावी रहेगा और तब तक सभी उपकेंद्रों से निर्धारित समय में बिजली कटौती की जाएगी।