कासिमाबाद। नेशनल इंटर कॉलेज के मैदान पर बुधवार को शहीद शशांक सिंह स्मारक क्रिकेट प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल सिवान और कुशीनगर के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में सिवान की टीम ने कुशीनगर को चार विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कुशीनगर की टीम 19 ओवर में 124 रन बनाई। इसमें नकुल ने 32 और प्रशांत ने 29 रनों का योगदान दिया।
सिवान की ओर से अमित ने 20 रन देकर चार विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिवान की टीम ने 12वें ओवर में ही छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। सिवान के लिए अखिल ने 35 और साहिल ने 39 रन की पारी खेली।
कुशीनगर की ओर से नकुल ने 32 रन देकर तीन विकेट चटकाए। शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए अमित को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। मैच में अंपायर की भूमिका अखिलेश गुप्ता और अंकुर सिंह ने निभाई।
डिंपू और राहुल स्कोरर रहे। कमेंट्री विमलेश तिवारी, विशाल सिंह और महेश प्रजापति ने की। शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य राजकुमार सिंह और ऊदल राजभर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।