सामुदायिक केंद्र पर अपनी मांगों को लेकर धरना दे रही आशा कार्यकर्ताओं को गुरुवार को एसडीएम और सीओ की उपस्थिति में पुलिस ने खदेड़ दिया। उपजिलाधिकारी त्रिभुवन विश्वकर्मा ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं को एक दिन के
धरने की इजाजत दी गई थी लेकिन वे अनिश्चितकालीन धरना पर बैठ गईं। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता मुख्यालय पर जाकर धरना- प्रदर्शन करें। उनका मामला वहीं से हल होना है अथवा वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाएं। धरना दे
रही आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि उन्होंने एसडीएम को अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। कहा कि स्थानीय प्रशासन ने जबरदस्ती हमारे अधिकारों का हनन किया है। चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी
रहेगा। धरना में मंजू यादव, छाया राय, कालिंदी यादव, माया यादव, मनोरमा, माला, शीला, सुनीता यादव, मेवाती, कंचन यादव, सुमन यादव, पुष्पा यादव, प्रभा अंचल, काशी बिंद, मनमाती आदि शामिल थीं।