गाजीपुर। जिले भर में मंगलवार को गोवर्धन पूजा और भैया दूज का पर्व मनाया गया। महिलाओं ने पूजा-अर्चन कर गोधन कूटा। साथ ही भाइयों के लिए लंबी उम्र की कामना की। शहर के विभिन्न मुहल्लों में निर्धारित स्थान पर गोबर के गोधन बनाए गए थे, जहां सुबह से ही गोधन कूटने वाली महिलाओं के आने का सिलसिला शुरु हो गया था। जब सभी महिलाएं एवं युवतियां एकत्र हो गई। इसके बाद पूजन-अर्चन का कार्यक्रम शुरु किया गया। महिलाएं थाली में रुई की माला, चना, घड़िया, मिठाई, लाई धतूरा, भचकट्या आदि पूजा संबंधित सामान लेकर पूजा स्थल पर पहुंची थी। इस दौरान पूजा में शामिल महिलाओं द्वारा अन्य को गोधन की कहानी सुनाई गई। इसके साथ ही गोवर्धन के गीत भी महिलाओं ने गाए। पूजा की रस्म पूरी होने के बाद महिलाओं ने मूसल से गोधन की कुटाई की। भैयादूज पर बहनों ने भाइयों को तिलक लगाकर उनका मुंह मीठा कराया तथा उनके दीर्घायु होने की कामना की। इसी प्रकार मुहम्मदाबाद, औड़िहार, जमानिया, भांवरकोल, करीमुद्दीनपुर, भीमापार, सादात, दुबिहा, गहमर, दिलदारनगर, दुल्लहपुर, मरदह, बिरनो, खानपुर, नंदगंज, शादियाबाद, बहरियाबाद, करंडा, देवकली, रेवतीपुर आदि ग्रामीण क्षेत्रों में भी भैयादूज और गोवर्धन पूजा का पर्व परंपरागत तरीके से मनाया गया।