पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराती पूर्व मंत्री शादाब फातिमा ।
सेंट्रल बार एसोसिएशन की तहसील इकाई कासिमाबाद के पदाधिकारियों को गुरुवार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री शादाब फातिमा ने सभी पदाधिकारियों को शपथ दिला कर उन्हें ईमानदारी से अपने कार्यों का निर्वहन करने का वचन दिलाया। कहा की क्षेत्र का विकास मेरे खून के एक-एक कतरे व धमनियों में बहता है।
आप सबके आशीर्वाद से कासिमाबाद तहसील तो बन गई, लेकिन अवसर मिला तो इसे जिला बनाकर जनता को समर्पित करूंगी। पूर्व मंत्री ने कहा कि वह जब से राजनीति में है धर्म और जाति की राजनीति से उठकर हमेशा विकास की बात और विकास की राजनीति की। कभी भेदभाव का सहारा नहीं लिया। सबका सहयोग लिया और सब को सहयोग देने का प्रयास किया।
कहा कि भगवान राम की तरह से मुझे भी कुछ समय के लिए बनवास का रुप मिला है लेकिन मैं विश्वास दिलाती हूं कि आप सब का आशीर्वाद रहा तो निश्चित रूप से क्षेत्र की जनता का सेवा करने का प्रयास करूंगी। कहा कि जहूराबाद में अपने चुनाव के दौरान मैंने जनता से वादा किया था कासिमाबाद को तहसील बनाने का।
हमने तत्कालीन राजस्व मंत्री शिवपाल यादव के सहयोग से कासिमाबाद को तहसील बना कर जनता को समर्पित कर दिया। आप सबका सहयोग मिला तो कासिमाबाद एक जिले के रूप में विकसित दिखाई देगा। उन्होंने राजनीति में शिक्षा पर जोर देते हुए जनता से अपील की कि आप कोई भी जनप्रतिनिधि चुने कम से कम व शिक्षित हो पढ़ा लिखा हो।
जिससे आपकी बात को सदन से लेकर जहां भी रखना हो वह अच्छी तरह से अपनी बात रख सके। उन्होंने राजनीति में आई गिरावट पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज जो भेदभाव ऊंच नीच और धर्म की बात चल रही है यह नहीं होनी चाहिए। राजनीति का मापदंड धर्म से नहीं मापना चाहिए। इससे पूर्व पूर्व मंत्री ने समारोह का दीप प्रज्वलन कर उद्घाटन किया। शपथ ग्रहण समारोह में अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, अजय कुमार श्रीवास्तव, मिथिलेश तिवारी, कन्हैया सिंह यादव आदि रहे।