थाईलैंड में 24 से 26 मार्च तक होने जा रही सीनियर प्रिंस कप ताइक्वांडो प्रतियोगिता में सिद्धार्थ सिंह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए देश से कुल 16 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। सिद्धार्थ टीम के साथ सोमवार को रवाना हो गए।
क्षेत्र के भड़सर गांव निवासी ईंट व्यवसायी संजय सिंह के बड़े पुत्र ताइक्वांडो खिलाड़ी सिद्धार्थ सिंह (24) की रुचि बचपन से ही इस खेल में थी।
वर्ष 2015-16 में अन्ना यूनिवर्सिटी चेन्नई में आयोजित ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप में उसने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया था। इसके बाद वर्ष 2016-17 में अलीगढ़ में आयोजित यूपी ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भी उसने स्वर्ण पदक जीता था।