सिद्धार्थ सिंह के मौत के बाद नंदगंज के शादियाबाद मोड़ पर बंद पड़ी दुकानें। संवाद
नंदगंज। चंदौली में बरहनी विकासखंड के धीना थाना क्षेत्र में डेढ़गांवा गांव के पास करीब दो किलोमीटर के दायरे में बोरे में बंद दो शव की शिनाख्त शुक्रवार हो गई। मृतकों की शिनाख्त नंदगंज बरहपुर निवासी सिद्धार्थ सिंह और दूसरा मृतक की पहचान कानपुर के सागर त्रिपाठी के रूप में हुई है। दोनों का शव नहर में एक बोरे में बंद मिला था। सिद्धार्थ सिंह माता- पिता का इकलौता पुत्र था।
नंदगंज बाजार के शादियाबाद मोड़ निवासी ब्रिजेंद्र सिंह ने बताया कि भतीजा सिद्धार्थ माता- पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी एक बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। सिद्धार्थ अपनी मां सांत्वना देवी के साथ कानपुर में पिछले 30 सालों से रह रहा था। वहीं किसी कंपनी में काम करता था। बाजार में दुकान बनाकर किराये पर दिया है। घटना की जानकारी व शिनाख्त होने के बाद शादियाबाद मोड़ की सभी दुकानें शोक में बंद रही। मृतक के चाचा ब्रिजेन्द सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी होने पर वह भी चंदौली रवाना हो गए।