राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 45वें वार्षिक क्रीड़ा समारोह का समापन बृहस्पतिवार को हो गया। इस क्रीड़ा प्रतियोगिता की चैंपियन श्वेता मौर्या रहीं। आज 10000 मीटर की दौड़ में श्वेता मौर्या पहले, रूमी परवीन दूसरे एवं नेहा यादव ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। चार गुणा 100 मीटर रिले दौड़ में सिद्धि सिंह प्रथम, निधि राय दूसरे एवं तृतीय स्थान ज्योति गुप्ता ने प्राप्त किया।
ऊंची कूद में जाफरीन पहले, सबीना बानो दूसरे तथा प्रीति तीसरे, 500 मीटर दौड़ में श्वेता मौर्या प्रथम, नेहा यादव द्वितीय एवं तृतीय स्थान इरम बुशरा ने प्राप्त किया। गोला प्रक्षेपण में आरती यादव पहले, आकांक्षा यादव दूसरे तथा मीना कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। मुख्य अतिथि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मगरहा की प्राचार्य डॉ. मृणालिनी सिंह का स्वागत करते हुए प्राचार्य प्रो. सविता भारद्वाज ने कहा कि खेल में प्रतिभागिता महत्वपूर्ण होती है।
मुख्य अतिथि ने कहा कि ऐसा आयोजन बहुत कम देखने को मिलता है। क्रीड़ा प्रतियोगिता की चैंपियन श्वेता मौर्या को प्राचार्य एवं मुख्य अतिथि ने चैंपियन ट्राफी से सम्मानित किया। सभी विजयी छात्राओं को पुरस्कार वितरित किया गया। क्रीड़ा प्रभारी डॉ. उमाशंकर प्रसाद ने सबको धन्यवाद दिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।