मुहम्मदाबाद। सिविल बार एसोसिएशन के वर्ष 2023 के नए पदाधिकारियों का चुनाव बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ। इस अवसर पर सुभाषचंद्र यादव अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी गोविंद राम को 71 मतों से पराजित किया।
अध्यक्ष पद पर तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। मतदान के तुरंत बाद हुई मतगणना में सुभाष चंद्र यादव को 130, गोविंद राम को 59 एवं लल्लन राय को 55 मत प्राप्त हुआ। इसी प्रकार सचिव पद पर कांटे के मुकाबले में सतीश कुमार प्रजापति ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अश्विनी कुमार राय को तीन मतों से पराजित किया। सतीश कुमार को 125 तथा अश्विनी राय को 122 मत प्राप्त हुआ।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर गोपालकृष्ण गुप्ता ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अशोक कशेरा को 37 मतों से पराजित किया। इस प्रकार अध्यक्ष पद पर सुभाषचंद्र यादव, सचिव के पद पर सतीश कुमार प्रजापति एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर गोपालकृष्ण गुप्ता को निर्वाचन अधिकारी सचिदानंद राय एवं नमो नारायण राय ने संयुक्त रूप से निर्वाचित घोषित किया। इससे पहले बार भवन में सुबह 10 बजे से मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ हुई तथा दो बजे तक चली।
तीन बजे से मतगणना प्रारंभ हुई और शाम पांच बजे परिणाम की घोषणा की गई। परिणाम की घोषणा होने के बाद निर्वाचित पदाधिकारियों को अधिवक्ताओं ने फूल-माला पहनाकर बधाई दिया। नव निर्वाचित अध्यक्ष ने कहा कि अधिवक्ताओं के मान-सम्मान की रक्षा के लिए वह हमेशा तत्पर रहेंगे। इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्र श्रीवास्तव, नारायण दास अग्रवाल, शिवकुमार राय, प्यारेलाल अग्रवाल, एवाई अब्बासी, जावेद अहमद खान, अनुज राय, मनोज श्रीवास्तव, रामनिवास यादव, पप्पू यादव, आशीष चौधरी, आरडी यादव आदि अधिवक्ता उपस्थित थे।