दुल्लहपुर। जखनिया विकासखंड की 90 ग्राम पंचायतों में तैनात 83 पंचायत सहायकों में 16 ऐसे पाए गए हैं, जो कई महीनों से अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं करा रहे हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। एडीओ पंचायत अशोक यादव ने बताया कि लगातार अनुपस्थित रहने वाले 16 पंचायत सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही संबंधित ग्राम सचिवों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि पंचायत सहायकों का मानदेय केवल उन्हीं दिनों का बनाया जाए, जिन दिनों में उनकी उपस्थिति दर्ज है।उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में सचिवों को लिखित पत्र भी जारी कर दिया गया है, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। अधिकारियों का कहना है कि पंचायत सहायकों की जिम्मेदारी गांव स्तर पर बेहद महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों को आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र सहित कई जरूरी सेवाएं ग्राम सचिवालय से ही उपलब्ध कराई जानी है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि गांवों में ही सभी मूलभूत सुविधाएं और सेवाएं समय पर मिलें, लेकिन सहायकों की अनुपस्थिति से यह व्यवस्था प्रभावित हो रही है।