कोतवाली क्षेत्र के छिछवा मोड़ के पास बुधवार की दोपहर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर बाइक सवार प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष की हत्या कर दी।
फिर घने कोहरे का लाभ उठाते हुए हमलावर भाग निकले। वारदात से गुस्साए ग्रामीणों ने हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बैरान-रघुवरगंज मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराकर शव कब्जे में लिया। इस मामले में तीन आरोपियाें के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
भदेसर गांव निवासी प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष मुनेंद्र राजभर (45) बुधवार दोपहर बाइक से मुहम्मदाबाद आ रहे थे। जैसे ही वह छिछवा मोड़ पहुंचे, घात लगाए बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी।
उनके सिर और गर्दन में पांच गोलियां लगीं और मौके पर ही मौत हो गई। हत्यारे कोहरे का लाभ उठाते हुए भाग निकले। एक राहगीर की नजर सड़क किनारे खून से लथपथ शव पर पड़ी।
उसने मृतक को पहचान लिया। तत्काल सूचना गांव वालों को दी। कुछ ही देर में मौके पर सैकड़ों ग्रामीण पहुंच गए। ग्रामीणों ने हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बैरान-रघुवरगंज मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पहुंच गई। पुलिस के जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देने पर ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया।
इस मामले में मृतक के भाई रघुनाथ राजभर ने तीन लोगोें के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि नामजद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक डा. उमेशचंद्र श्रीवास्तव ने मौका मुआयना कर पीड़ित परिवार से घटना के संबंध में पूछताछ की। उन्होंने कोतवाली पुलिस को जल्द हत्यारों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।
एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कोटे का विवाद और पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है। कई अन्य बिंदुओं पर मामले की जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।