सादात। कोरोना के बढ़ते प्रकोप के चलते नगर उद्योग व्यापार मंडल ने स्थानीय पुलिस से विचार-विमर्श करने के बाद बाजार की दुकानों को दो पालियों में खोलने का निर्णय लिया है। इस निर्णय के तहत बुधवार से दुकानें दोनों पालियों में खुलीं लेकिन कुछ दुकानदार इस निर्णय का विरोध करते हुए सभी दुकानों को एक साथ खोलने की मांग करते रहे। अभी तक सिर्फ किराना, सब्जी और दवा की दुकानें ही सुबह छह से नौ बजे तक खुलती रही हैं। नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील कुमार और महामंत्री संतोष कुमार के नेतृत्व में व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल थानाध्यक्ष रविंद्रभूषण मौर्य से मिला और बाजार की दुकानों को दो पालियों में खोलने के लिए तैयार किए गए प्रस्ताव को उनके सामने रखा। विचार-विमर्श के बाद थानाध्यक्ष ने प्रस्ताव पर अपनी मुहर लगा दी। प्रस्ताव पर स्वीकृति मिलने के बाद व्यापारियों ने ठाकुरद्वारा मंदिर पर बैठक करके दुकान खोलने की सहमति बनाई। पारित प्रस्ताव के मुताबिक किराना, सब्जी, ज्वेलर्स, इलेक्ट्रॉनिक, हार्डवेयर, बिल्डिंग मटीरियल, मोबाइल, स्टेशनरी और प्रिंटिंग प्रेस की दुकानें सुबह 10 बजे से दिन में दो बजे तक खोली जाएगी जबकि दिन में दो बजे से कपड़ा, जनरल स्टोर, मिठाई, चाय, ठेला, खोमचा, गुमटी, फर्नीचर, साइकिल, आटोमोबाइल, बर्तन, और दर्जी की दुकानें खुलेगी। इसके अलावा मेडिकल और खाद एवं बीज की दुकान पूरे दिन खुली रहेगी। जबकि मीट, मछली, मुर्गा और सैलून अग्रिम आदेश तक बंद रहेंगे। ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों ने दो पालियों में दुकानों के खोलने के निर्णय को उचित बताया है।