कासिमाबाद में शनिवार को साप्ताहिक बंदी के समर्थन में जुलूस निकालते व्यापारी ।
- फोटो : GHAZIPUR
कासिमाबाद। जिला प्रशासन की ओर से प्रत्येक शनिवार को कासिमाबाद को बंद करने के आदेश के बाद भी दुकानें खोली जाती रहीं। इस शनिवार को पहली बार ऐसा हुआ कि पूरी तरह दुकानें बंद मिलीं। बंदी का समर्थन करते हुए दुकानदारों ने जुलूस निकालकर जिला प्रशासन के निर्णय का स्वागत किया।
जिला प्रशासन की तरफ से जिले के कई कस्बों एवं बाजारों को अलग-अलग दिनों में साप्ताहिक बंदी के लिए चिह्नित कर उन्हें बंद करने का आदेश दिया गया। इस क्रम में कासिमाबाद और यहां के बाजार की शनिवार को साप्ताहिक बंदी घोषित करते हुए पूरी तरह से बंद करने की घोषणा की गई है। इस आदेश के बाद पहली बार शनिवार को कासिमाबाद चौक, पुरानी बाजार, तहसील त्रिमुहानी पूरी तरह से बंद रहे। बंदी का आलम यह रहा कि लोगों को चायपान के लिए भी भटकना पड़ा। जिला प्रशासन की ओर से घोषित साप्ताहिक बंदी का समर्थन करते हुए यहां के व्यापारियों ने जुलूस निकालकर जिला प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बंदी का समर्थन किया। दुकानदारों में इस बात को लेकर हर्ष है कि कम से कम सप्ताह में एक दिन दुकानें बंदकर अपने निजी घरेलू कामों में लोग अपना समय लगाएंगे।