नहीं रहीं महावीर चक्र विजेता रामउग्रह की पत्नी श्यामा देवी
महावीर चक्र विजेता शहीद रामउग्रह पांडेय की पत्नी श्यामा देवी (80) नहीं रहीं। रविवार की दोपहर करीब एक बजे वाराणसी के एक अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन का समाचार मिलते ही उनके गांव सहित पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई।
एमावंशी निवासी महावीर चक्र विजेता शहीद रामउग्रह पांडेय की पत्नी श्यामा देवी की तबियत बीते दिनों अचानक खराब हो गई। परिवार के लोग उन्हें मऊ स्थित फातमा अस्पताल में भर्ती कराया। यहां हालत में सुधार न होने पर उन्हें वाराणसी के एक प्राइवेट अस्पताल में ले जाया गया, जहां रविवार को उपचार के दौरान दोपहर में उनका निधन हो गया। वर्ष 1971 भारत पाक-युद्ध में शहीद रामउग्रह पांडेय शहादत को प्राप्त हुए थे। जनपद के सपूत रामउग्रह पांडेय को मरणोपरान्त सेना के दूसरे सर्वोच्च सम्मान महावीर चक्र से सम्मानित किया गया था।
हालांकि इस शहीद की पत्नी श्यामा देवी अपने जीवन में जरूरी सुविधाओं के लिए भी मोहताज रहीं। कई बार वह सार्वजनिक रूप से अपनी व्यथा जताईं। यहां तक कि पति को मिले महावीर चक्र सरकार को वापस करने की बात कहीं। बावजूद इसके उनकी सुधि नहीं ली गई। वह देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले पति के बलिदान को याद करते हुए सुविधाविहीन जीवन जीते-जीते इस दुनिया से हमेशा-हमेशा के लिए विदा हो गई।
शहीद की पत्नी श्यामा देवी के निधन की खबर मिलते ही उनके गांव के लोगों सहित पूरे जिला शोक में डूब गया। श्यामा देवी के परिजनों ने बताया कि आज उनका शव पैतृक गांव एमावंशी लाया जाएगा। सोमवार को वाराणसी में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।