गाजीपुर। शादियाबाद थाना क्षेत्र के भदौरा घिनहा गांव में पूर्व किशोरी को फोन करके तंग करने का विरोध करने पर उसके दादा की लाठी- डंडे से पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। इसे लापरवाही मानते हुए एसपी ने 28 फरवरी को थानाध्यक्ष एवं उपनिरीक्षक को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।
भदौरा उर्फ घिनहा गांव निवासी कैलाश यादव 22 फरवरी को अपने मित्र के साथ खेत से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नामजद आरोपियों ने घेरकर लाठी- डंडे से पीटकर उनकी हत्या कर दी थी। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों ने शादियाबाद- सैदपुर भितरी मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया था। सूचना पर पहुंचे एसपी रामबदन सिंह को ग्रामीणों ने बताया था कि परिवार की ओर से कार्रवाई के लिए तीन बार प्रार्थना पत्र दिया गया था, लेकिन पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने के बजाए पंचायत कराने लगी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने जांच कराकर थानाध्यक्ष राजेश कुमार मौर्या और उपनिरीक्षक यज्ञ नारायण यादव के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया था। चुनाव आयोग से अनुमति के बाद एसपी ने थाना प्रभारी राजेश मौर्या और उपनिरीक्षक यज्ञ नारायण यादव को बीते 28 फरवरी को निलंबित कर दिया। शादियाबाद थाने की कमान महिला थाना प्रभारी तारावती यादव को सौंपी दी है। इस संबंध में एसपी रामबदन सिंह ने बताया कि लापरवाही के आरोप में शादियाबाद थानाध्यक्ष सहित दो को निलंबित कर दिया गया है।