गाजीपुर। जिले में एक सप्ताह में सात संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। दो दिनों में पांच मरीजों की जान जाने से खलबली मची हुई है। मौत के आंकड़े में लगातार हो रही वृद्धि से चिंता बढ़ गई है। अब तक 104 मरीजों के जीवन को महामारी ने लील लिया है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की टीम लगातार लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सतर्क और जागरूक करने में जुटी हुई है। अप्रैल माह में कोरोना संक्रमण ने जिले में ऐसा पांव पसारना शुरु किया कि प्रतिदिन संक्रमितों की संख्या में जबरदस्त वृद्धि होती जा रही है। यही नहीं थोड़ी सी लापरवाही आमजन के लिए भारी हो चुकी है। स्थिति यह है कि गंभीर रूप से पीड़ित मरीजों को तत्काल इलाज न मिल पाने की स्थिति में उनकी मौत भी हो जा रही है। ऐसे में अगर स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों को देखा जाए तो बीते चार अप्रैल को दो, पांच अप्रैल को दो, दस अप्रैल को एक, 13 अप्रैल को एक, 15 को तीन एवं 16 अप्रैल को दो कोरोना संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत हो गई। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग टीम इनके संपर्क में आने वाले संदिग्धों की जांच करने के लिए सूची तैयार करने में जुटी हुई है, जिससे संक्रमण का फैलाव नहीं हो सके। इस संबंध में सीएमओ डा. जीसी मौर्या ने बताया कि मौत के आंकड़े में लगातार वृद्धि होती जा रही है। आमजन को एहतियात एवं सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।