गाजीपुर। पति ने बोला केस सुलह कर दो, नहीं तो आपत्तिजनक वीडियो वायरल कर दूंगा। ऐसा गंभीर आरोप लगाते हुए पत्नी ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। भांवरकोल थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि एक गांव की विवाहिता ने चार दिसंबर को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया कि पति से पारिवारिक विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। कोर्ट में समझौता पत्र देकर पति मुझे ससुराल ले आया। इसके बाद दबाव बनाने लगा कि मुकदमे में सुलह कर लो। पीड़िता ने कहा कि आप मुझे प्रताड़ित नहीं करेंगे और मारेेंगे- पिटेंगे नहीं तो सुलह हो जाएगा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि यह सुनते ही पति ने मारपीटकर ससुराल से भगा दिया। इसकी प्राथमिकी थाने में दर्ज कराई गई है। वर्तमान में मुहम्मदाबाद कोतवाली स्थित मायके में रह रही हूं। तीन दिसंबर को पति व्हाट्सएप पर कॉल करके बोला कि केस में सुलह कर दो, नहीं तो मेरे पास तुम्हारे कई आपत्तिजनक फोटो और वीडियो हैं, उसे वायरल कर दूंगा। पति ने आपत्तिजनक फोटो मोबाइल पर भेज कर धमकी दी कि तुम्हें कहीं का नहीं छोड़ेंगे। आरोप लगाया कि पति ने पैतृक संपत्ति अपनी मां के साथ मिलकर बहन को लिख दिया है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर प मुकदमा दर्जकर छानबीन की जा रही है।