गाजीपुर। आगामी चुनाव को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील मतदान स्थलों की पहचान और कानून-व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं।बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
पिछले पांच वर्षों में मतदान के दौरान हुई हिंसक घटनाओं, दर्ज एफआईआर और मतदान के आंकड़ों के आधार पर संवेदनशील बूथ चिह्नित किए जाएंगे। बैठक में सात मानदंडों के आधार पर मतदान स्थलवार समीक्षा की गई।
इसमें 90 प्रतिशत से अधिक मतदान और किसी एक प्रत्याशी को 75 प्रतिशत से अधिक मत मिलने वाले बूथ, 10 प्रतिशत से कम मतदान वाले केंद्र, पुनर्मतदान वाले स्थल, मतदान दिवस की हिंसा और एफआईआर के मामले, एएसडी मतदाताओं का प्रतिशत तथा कानून-व्यवस्था की असामान्य स्थिति वाले क्षेत्र शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को सूचना का परीक्षण और सत्यापन करने को कहा। एसपी विनय कुमार सिंह ने सीओ और थाना प्रभारियों को संवेदनशील बस्तियों, मजरों और मतदान स्थलों का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया।
मतदाताओं को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों और समूहों की पहचान कर समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा। अधिकारियों को निर्धारित प्रारूप में हार्ड और सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।