गाजीपुर। नगर पालिका बोर्ड की बैठक में स्वकर की दरों को कम कर दिया गया है। यह दावा नगर पालिका चेयरमैन सरिता अग्रवाल ने किया है। नगर के चुंगी स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि स्वकर की दरों के घटने से जनता को राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में 60 से 70 प्रतिशत मकान एक, दो व तीन मीटर की सड़कों पर स्थित है। इन भवनों पर नगर पालिका ईओ अमिता वरुण की ओर से क्रमश: 0.30, 0.25 व 0.15 प्रति वर्गफीट कर निर्धारित किया गया था।
इसे संशोधित करते हुए क्रमश: 0.20, 0.15 व 0.10 पैसे प्रति वर्ग फीट किया गया है। साथ ही भूखंड को लेकर ईओ की ओर से नौ मीटर तक चौड़े मार्ग पर 0.10 पैसे प्रति वर्ग फीट निर्धारित किया गया था।
उसे बोर्ड की बैठक में संशोधित कर 0.08 पैसे प्रति वर्ग फीट कर दिया गया है। इसके अलावा आउटसोर्सिंग के माध्यम से टेंडर करने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री वैश्विक योजना के तहत स्वीकृत कचहरी पर अर्बन टोल प्लाजा का निर्माण बगैर बोर्ड की सहमति से शासन को प्रस्ताव भेजने पर बोर्ड की ओर से आपत्ति जताई गई।
अर्बन प्लाजा निर्माण कराने को लेकर अन्यत्र भूमि चिह्नित करने का निर्देश ईओ को दिया गया। चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 की अनुमानित आय 47.42 करोड़ व अनुमानित व्यय 47.34 करोड़ तथा वित्तीय वर्ष 2024-25 की वास्तविक आय 37.48 करोड़ व वास्तविक व्यय 34.19 करोड़ का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किया गया।
वहीं बोर्ड बैठक में होर्डिंग ठेके की नीलामी के माध्यम से दरों के निर्धारण, झंडातर मोहल्ले में सीएंडडीएस के माध्यम से 53.33 लाख की धनराशि से नाला निर्माण के लिए प्रथम किस्त के रूप में 17.50 लाख की धनराशि कार्यदायी संस्था को हस्तांतरित करने का अनुमोदन किया गया।