जिलाधिकारी के निर्देश पर भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के माखनपुर ग्राम पंचायत का खाता सीज कर दिया गया है। साथ ही निर्वाचित मेंबरों की तीन सदस्यीय टीम बनाकर मामले की जांच कर रिपोर्ट मांगी गई है। इसके पहले तीन दिनों में तीन मेंबरों का नाम सहित अन्य जानकारी डीपीआरओ को भेजनी है।
मालूम हो कि गांव की निर्मला देवी ने 2021 में जनता दर्शन के दौरान तत्कालीन डीएम मंगला प्रसाद सिंह के सामने ग्राम प्रधान संदीप जायसवाल की ओर से मेंबरों की खुली बैठक नहीं बुलाने और फर्जी हस्ताक्षर कर कार्यवाही की शिकायत की गई थी। जिस पर जिलाधिकारी ने प्रशासनिक अधिकारियों की टीम बनाकर मामले की जांच कराई। जिसमें 11 में से 10 मेंबरों ने फर्जी हस्ताक्षर करने का मामला सही बताया था।
इसके आधार पर नवागत जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के निर्देश पर ग्राम पंचायत की खाता सीज किया गया है और तीन दिन के अंदर सदस्यों की नाम, जात, योग्यता के साथ समिति गठित कर जिला पंचायत राज अधिकारी को भेजने का निर्देश दिया गया है। खंड विकास अधिकारी यशवंत कुमार ने बताया कि डीएम के निर्देश पर खाता सीज कर तीन दिन के अंदर निर्वाचित सदस्यों को समिति गठित किया जाएगा।