करीमुद्दीनपुर थाने में मंगलवार की शाम कानपुर से एक महिला पहुंची और पति के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने पति और उसके घर वालों को बुलाया। साथ ही समझा- बुझाकर विवाहिता को उसके साथ घर भेज दिया।
मालूम हो कि कामूपुर गांव निवासी अभय भारती कानपुर फैक्ट्री में काम करता था। वर्ष 2021 में उसमें एक युवती से प्रयागराज स्थित वेदमंदिर में धार्मिक रीति रिवाज के तहत शादी की थी। शादी के बाद वह पत्नी के साथ कानपुर में रह रहा था। कुछ महीने बाद वह पत्नी को कानपुर में छोड़कर गांव चला आया। चार माह बीत जाने के बाद जब वह वापस नहीं लौटा और फोन से भी बात न होने पर पत्नी अपनी बहन के साथ कामूपुर पहुंची।
जहां युवक के घर वालों ने विवाहिता के साथ अभद्रता करते हुए शादी की बात से इंकार कर भगा दिया। इसके बाद पीड़िता ने करीमुद्दीनपुर थाने पहुंचकर पुलिस को शादी का प्रमाण दिखाते हुए आपबीती सुनाई और कार्रवाई की तहरीर दी। पुलिस ने विवाहिता के पति अभय सहित उसके माता-पिता को थाने लेकर आई और समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इस बाद पति-पत्नी घर लौट गए।