जखनिया। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के डीआरएम आशीष जैन ने रविवार को रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान अवैध ढंग से दुकान लगाने वाले दुकानदारों में अफरातफरी की स्थिति रही। रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर एक, दो के अलावा फुट ओवरब्रिज पर गंदगी देखकर डीआरएम ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्टेशन मास्टर विनोद कुमार से पूछा कि कितने दिनों पहले सफाई की गई है। स्टेशन मास्टर ने बताया कि दो दिन पहले सफाई हुई थी। यह सुनकर वह स्टेशन मास्टर पर बिफर पड़े। गंदगी की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि इसको देखकर आप बताइए कि आप कितना सही बोल रहे हैं। वहीं प्लेटफाॅर्म नंबर दो पर पेयजल की टंकी में टोटी नहीं लगी होने पर उन्होंने इसको जल्द से जल्द लगवाने का निर्देश दिया। प्लेटफाॅर्म निर्माणाधीन शौचालय को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया। एक यात्री प्लेटफाॅर्म पर खड़ा होकर पेशाब कर रहा था, यह देखकर डीआरएम ने यात्री को फटकार लगाई। डीआरएम ने रेलवे केबिन के पास सुरक्षा के लिहाज से बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया। लगभग एक घंटे निरीक्षण करने के बाद डीआरएम वाराणसी लौट गए।