सन शाइन पब्लिक स्कूल में स्कूल खुलने के बाद पढ़ते छात्र -छात्राएं।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर/जमानिया। शहर के साथ ही विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित कक्षा-नौ से बारह तक के सभी विद्यालय मंगलवार को पूरी तरह खुले। हालांकि पहले दिन छात्रों की उपस्थिति संतोषजनक रही। कोरोना के चलते सभी स्कूल-कालेज मार्च माह से ही बंद थे। कक्षा-नौ से बारह तक के विद्यालयों में अक्तूबर से पचास फीसदी उपस्थिति के साथ कक्षाएं शुरु हुई थी। विद्यालय प्रबंधन कक्षों को सेनेटाइज कराया था। उधर, बच्चे बिना किसी खौफ के अध्ययन में लगे रहे। हालांकि शासन की गाइड लाइन का पूरा पालन किया गया। जमानिया क्षेत्र के कसेरा पोखरा स्थित सन शाइन पब्लिक स्कूल गर स्थित सेंट्रल पब्लिक स्कूल हेतिमपुर गांव स्थित एसएस देव पब्लिक स्कूल जीवपुर गांव स्थित ब्लासम एकेडमी स्कूल आदि खुल गए। आज छात्र-छात्राओं की उपस्थिति संतोषजनक रही। कक्षाओं में छात्रों को बैठाने में सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखा गया। पूरी तरह से विद्यालय खुलने के पहले दिन बच्चे खुश दिखाई दिए। उनमें किसी तरह का कोई खौफ नहीं दिख ाई दिया। सनशाइन स्कूल के प्रबंधक अमित कुमार सेंट्रल पब्लिक स्कूल की प्रबंधक रेशु जालान एसएसदेव के प्रबंधक सुभाष कुशवाहा ब्लासम एकेडमी के प्रबंधक कृष्णानंद राय आदि ने सरकार के फैसले का स्वागत किया। कहा कि विद्यालय पूरी तरह से अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए तैयार हैं। जिले के सभी परिषदीय-निजी विद्यालयों के उच्च प्राथमिक स्तर ( कक्षा-छह से आठ ) की कक्षाएं 10 फरवरी से तथा प्राथमिक स्तर ( कक्षा-एक से पांच ) की कक्षाओं को पहली मार्च से संचालित किया जाएगा। विद्यालय में कक्षाओं का संचालन शेड्यूल के अनुसार किया जाएगा। इसके हिसाब से ही बच्चों को कक्षा में पढ़ाई के लिए बुलाया जाएगा। विद्यालयों की जिन कक्षाओं में विद्यार्थियों की संख्या अधिक है, वहां पर दो-दो पालियों में कक्षाएं संचालित की जाएगी।