वर्चस्व की लड़ाई में दो पक्षों के बीच तनातनी में नंदगंज थाना क्षेत्र के बरहपुर गांव के सत्यम की हत्या हुई है। वहीं, गिरफ्तार किए गए हत्यारोपियों का कहना है कि मृतक द्वारा मारपीट और गाली-गलौज किया जाता था। इससे तंग आकर उसकी हत्या कर दी। रविवार की रात पहाड़पुर पुलिया के पास पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सेटरिंग का पटरा और बाइक बरामद कर लिया।
सत्यम सिंह हत्याकांड का खुलासा सोमवार को एसपी रोहन पी बोत्रे ने सोमवार को किया। उन्होंने बताया कि 25 अगस्त की रात बरहपुर गांव में हुई सत्यम की हत्या के मामले में मुकदमा दर्जकर आरोपियों को पकड़ने में पुलिस जुटी हुई थी। छानबीन के दौरान हत्यारोपी नंदगंज निवासी अमन यादव और दो किशोरों का नाम प्रकाश में आया। पुलिस इन तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र में भ्रमणशील थी। रविवार की रात पहाड़पुर पुलिया के पास से पुलिस टीम ने तीनों हत्यारोपियों को धर-दबोचा।
हत्यारोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त सेटरिंग का पटरा और बाइक बरामद कर लिया। बताया जा रहा है कि वर्चस्व की लड़ाई में दोनों पक्षों के बीच तनातनी थी। इसी में सत्यम की हत्या हुई है। वहीं, पूछताछ में आरोपियों ने बताया की सत्यम आए दिन मारपीट और गाली-गलौज करके परेशान करता था। इससे तंग आकर सभी लोगों ने मिलकर सेटरिंग के पटरे से पीटकर उसकी हत्या कर दी। निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हुए सेटरिंग के पटरा और एक बाइक भी बरामद की गई।