गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय छावनी लाइन पर शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती मनाई गई।
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता एवं दृढ़ राष्ट्रनिष्ठा के बल पर देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की सुदृढ़ आधारशिला रखी। उनका जीवन राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण का अनुपम उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के विराट व्यक्तित्व एवं राष्ट्रनिर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को चिरस्थायी सम्मान प्रदान करने के लिए भाजपा सरकार के प्रयासों से गुजरात में उनकी विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टेच्यू ऑफ यूनिटी’ स्थापित की गई।
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की 140 करोड़ जनता के विश्वास एवं आकांक्षाओं को साथ लेकर भारत अंत्योदय से राष्ट्रोदय की संकल्पना को साकार करते हुए विकासशील राष्ट्र से विकसित भारत बनने की दिशा में तीव्र गति से अग्रसर है।
क्षेत्रीय मंत्री राजेश राजभर ने कहा कि सरदार पटेल का सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना से अनुप्राणित रहा। उन्होंने अपने अद्वितीय संगठन कौशल, कठोर निर्णय क्षमता एवं लौह संकल्प से देश की एकता को अक्षुण्ण बनाए रखने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
उनका जीवन प्रत्येक राष्ट्रभक्त के लिए प्रेरणापुंज है। इस मौके पर रामनरेश कुशवाहा, विरेंद्र चौहान, अवधेश राजभर डॉ. शोभनाथ यादव, विष्णु प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।