सरस हाट का उद्देश्य महिला स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाना है
इस हाट में केवल समूहों से तैयार उत्पादों को ही बिक्री के लिए रखा गया है
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के उत्पादों के प्रचार-प्रसाद के लिए जिले में सरस हाट खोला जाएगा। इसमें समूह की महिलाएं खुद के निर्मित सामान बेच सकेंगी। इस के लिए विभाग की ओर से शहर में स्थान चुनने की कवायद चल रही है।
जिले में समूह की महिलाओं को बिक्री के लिए स्थायी जगह मिलने के साथ ही उनके उत्पादों की पैकिंग एवं गुणवत्ता पर भी भरोसा बढ़ेगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार महिला समूहों के द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री के लिए जिला मुख्यालय पर सरस हाट खोलने की कवायद चल रही है। सरस हाट का उद्देश्य महिला स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाना है।
इसके लिए एनआरएलएम के तहत समूहों का गठन करके महिलाओं को रोजगार दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। महिला समूह तमाम उत्पाद तैयार कर रहीं हैं । लेकिन बेहतर मार्केटिंग न हो पाने के कारण उत्पादों की बिक्री में परेशानी के साथ ही लाभ का पूरा हिस्सा भी उन्हें नहीं मिल पाता। इसी परेशानी को दूर कराने और समूहों के उत्पादों की बिक्री के लिए विभाग की ओर से सरस हाट खोलने का निर्णय लिया गया है। इस हाट में केवल समूहों से तैयार उत्पादों को ही बिक्री के लिए रखा गया है। उत्पादों की गुणवत्ता पर मोहर के साथ ही पैकिंग की सुविधा भी मुहैया होगी। सामान्य बाजार में भी इन उत्पादों को बिक्री के लिए उतारा जाएगा।
000
सरस हाट में इन सामानों की लगेगी प्रदर्शनी
सरस हाट में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए चादर, जूट बैग, जूट के अन्य सामान, दरी, हैंडीक्राफ्ट के सामान, धूप, अगरबत्ती, क्लीनर आदि की प्रदर्शनी और बिक्री की जाएगी।
0000
महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार में लाने के लिए नगर में सरस हाट खेला जाएगा। इस के लिए स्थान का चिह्नांकन किया जा रहा है। इस हाट में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के उत्पादों की पैकिंग के साथ ही उनकी गुणवत्ता को भी बेहतर तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। - अनिल चौरसिया, मिशन प्रबंधक