गाजीपुर। कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को जिला अस्पताल एवं पूरे परिसर को सैनिटाइज कराया गया। शहर के नवापुरा, छोटा महादेवा और मिश्र बाजार में भी टीम द्वारा दवा का छिड़काव किया गया है, जिससे आमजनों को संक्रमण से बचाया जा सके। जिला अस्पताल में करीब 15 दिन पूर्व उपचार के लिए आए होमियोपैथिक चिकित्सक के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद मौत हो गई थी। करीब तीन दिन पूर्व इलाज के लिए पहुंची नवापुरा कचहरी की रहने वाली कोरोना संक्रमित महिला की मौत अस्पताल में हो गई थी। ऐसे में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ गया था। इसको देखते हुए सीएमओ के निर्देश पर जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड, इमरजेंसी वार्ड और अपातकाल कक्ष के अलावा एनआरसी को सैनिटाइज किया गया। साथ ही उपचार के लिए आने वाले मरीजों की जांच करने से पूर्व डाक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों को सतर्कता बरतने का भी निर्देश दिया गया। साथ ही शहर के नवापुर कचहरी, छोटा महादेवा व मिश्र बाजार को भी सैनिटाइज किया गया, जिससे संक्रमण का फैलाव न हो सके।
जिला अस्पताल के अलावा नगर के तीन मुहल्लों को भी सैनिटाइज कराया गया है। इसके अलावा विशेष सतर्कता भी बरती जा रही है। - डा. जीसी मौर्या, सीएमओ