प्रतिबंध के बाद भी गहमर थाना क्षेत्र के सायर-रायसेनपुर, बरेजी से सटे कर्मनाशा और बारा, रेवतीपुर से सटे गंगा नदी से निरंतर बालू का खनन जारी है। बालू खनन को लेकर उत्तर प्रदेश और बिहार के खनन माफिया कई बार आमने सामने हो चुके हैं जिससे खनन को लेकर अक्सर तनाव की स्थिति बन जाती है।सरकार ने उत्तर प्रदेश में बालू खनन, निकासी और ढुलाई पर प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बाद भी क्षेत्र में बालू का अवैध रूप से खनन जारी है।
नाव लेकर मजदूर पूरे दिन बालू की निकासी करते हैं और शाम बालू को ट्रैक्टर के जरिए दूसरे गॉवों में पहुंचाया जा रहा है। इसके बाद बिचौलिए बालू को मनमाने दाम पर बेचते हैं। इस संबंध में थाना प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि बालू पर रोक की जानकारी नहीं है। अगर अवैध खनन की शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी। उधर, एसडीएम जमानिया धीरेंद्र सिंह ने बताया कि अवैध बालू खनन की कोई शिकायत नहीं मिली है। खनन विभाग को भेजकर इसकी जांच कराई जाएगी। अवैध बालू खनन पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी।